शाहजहांपुर। भावलखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत दिलावरपुर देवकली खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) बनने की राह पर बढ़ चली है। वहां के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर गांव के लिए 250 शौचालय मांगे, लेकिन अन्य विकास खंडों में शौचालय निर्माण जारी रखने के लिए जिला पंचायत राज विभाग ने दिलावरपुर मेें पहले चरण मेें 50 शौचालय बनाने के लिए बजट की धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिलावरपुर देवकली निवासी शिवप्र्रसाद राठौर ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत गांव को ओडीएफ श्रेणी में लाने के लिए गांव के 250 घरों में शौचालय बनाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस बारे में ग्राम प्रधान पुष्पा देवी और पंचायत सचिव की ओर से तैयार प्रस्ताव के साथ ददरौल क्षेत्र के विधायक मानवेंद्र सिंह का पत्र संलगभन करने के बावजूद जिले के अधिकारी ठोस कार्यवाही करने के बजाय पांच माह से झूठे आश्वासन देकर टरका रहे हैं। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी धर्मेंद्र कुमार का कहा कहना है कि शौचालय निर्माण सभी विकास खंडों में तेजी से कराया जा रहा है। इसलिए सीमित बजट से एक गांव को 250 शौचालयों की एकमुश्त धनराशि अवमुक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि दिलावरपुर देवकली के लिए 50 शौचालयों की धनराशि स्वीकृत की जा रही है और निर्मित शौचालयों का सत्यापन कराने के बाद वहां अन्य शौचालयों के लिए बजट स्वीकृत कर दिया जाएगा।