शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पीजी कोर्स की 11 सीटों में चार विषयों पर मान्यता मिलने की उम्मीद है। चिकित्सा और स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय से प्राचार्य को बृहस्पतिवार को दिल्ली बुलाया गया है। मानक पर खरे उतरने के बाद सीटों की मान्यता मिलने पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जिगनेरा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में पीजी कोर्स के चार विषयों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने मान्यता देने से मना कर दिया था। इसके लिए गत वर्ष आयोग ने कई कारण गिनाए थे। इस साल राहत देते हुए कहा गया है कि दूसरी अपील के रूप में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार आवेदन कर सकते हैं। प्राचार्य ने छात्र हित को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय में पत्राचार किया था। मंगलवार को मंत्रालय से कॉलेज को पत्र भेजकर बृहस्पतिवार को अपने तथ्य रखने के लिए बुलाया है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जूलोजी में चार, बायो केमिस्ट्री में दो, पैथोलॉजी में तीन, कम्यूनिटी मेडिसिन में दो सीटों पर मान्यता मिलने की उम्मीद है।