शाहजहांपुर। रोजा रेलवे स्टेशन स्थित सेक्शन इंजीनियर कार्यालय से फिश प्लेट चोरी के मामले में आरपीएफ ने चोरों पर शिकंजा कस दिया है। रेलवे सुरक्षा बल ने पांच चोरों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से छह फिश प्लेट बरामद हुई हैं। चोरी में कई और लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
सेक्शन इंजीनियर कार्यालय परिसर में निष्प्रयोज्य फिश प्लेट रखी थीं। करीब डेढ़ माह पहले 28 फिश प्लेटों को चोरों ने गायब कर दिया था। सीनियर सेक्शन इंजीनियर दीपक कुमार ने कंट्रोल तथा आरपीएफ को मेमो दिया। रेलवे सुरक्षा बल ने जांच शुरू की। इसमें मुजफ्फरनगर की एक फैक्टरी में छह फिश प्लेट बरामद कर ली गई। आरपीएफ ने रोजा थाना क्षेत्र के बरनई गांव से पांच, ऐगवां गांव से चार व पुत्तूलाल चौराहा से दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एक व्यक्ति मुजफ्फरनगर का है। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को पांच आरोपियों ने अंजाम दिया था। पांच लोगों ने सहयोग किया था। दो वाहन चालक भी शामिल थे। दो अक्तूबर को वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया। अभी तक 11 लोगों को पकड़ा जा चुका है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
60 हजार रुपये की चोरी हुई थी फिश प्लेट: चोरों ने रेलवे को हजारों रुपये की चपत लगाई थी। सीनियर सेक्शन इंजीनियर दीपक कुमार ने बताया कि चोरी की प्लेटों की कीमत करीब 60 हजार रुपये थी। अभी छह प्लेटें ही आरपीएफ बरामद कर पाई है।