शाहजहांपुर। जिले में वायरल फीवर, स्वाइन फ्लू के प्रकोप को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएमएस डॉ. केशव मौर्या के साथ सभी वार्डों में घूमकर मरीजों का हाल जाना। तीमारदारों से इलाज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिए कि इलाज में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने गोरखपुर में बच्चों की मौत पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला अस्पताल में पूरी सावधानी बरतने और दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने को कहा।