शाहजहांपुर। लोकसभा और ददरौल विधानसभा उपचुनाव में सोमवार को किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। लोकसभा चुनाव के लिए 10 और ददरौल विधानसभा उपचुनाव के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। सोमवार को उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं।
जनपद में चौथे चरण में 13 मई को मतदान होना है। लोकसभा के साथ ही ददरौल विधानसभा के लिए उपचुनाव होने हैं। कलक्ट्रेट में 18 अप्रैल से नामांकन शुरू हुए थे। 25 अप्रैल तक नामांकन के बाद 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच हुई थी। सोमवार को नाम वापसी का दिन था।
लोकसभा चुनाव में भाजपा से अरुण सागर, सपा से ज्योत्सना गौंड, बसपा से दोदराम वर्मा उम्मीदवार हैं। राष्ट्रीय सनातन पार्टी से किरण को चुनाव चिह्न के तौर पर हीरा, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी के प्रेमचंद्र को कटहल, मानव क्रांति पार्टी से रमेश चंद्र वर्मा को साबुनदानी दिया गया है। निर्दलीय प्रत्याशी धर्मपाल को कैंची, प्रदीप कुमार को स्टेथोस्कोप, मीना कश्यप को एयरकंडीशनर, शिवकुमार को अलमारी चुनाव चिह्न दिया गया है।
ददरौल विधानसभा उपचुनाव में भाजपा से अरविंद कुमार सिंह, सपा से अवधेश कुमार वर्मा, बसपा से सर्वेश चंद्र धांधू चुनावी मैदान में हैं। राष्ट्रीय महान गणतंत्र पार्टी से रामपाल को आदमी व पालयुक्त नौका, नेेताजी सुभाष चंद्र बोस राष्ट्रीय आजाद पार्टी से स्वयंप्रकाश कौशल को ऑटो रिक्शा, निर्दलीय प्रत्याशी अजीत शुक्ला को कैमरा, आराधना मिश्रा को बक्सा, कंचन को कैरम बोर्ड, देवेश कुमार वर्मा, राशिद खां को बैटरी टार्च चुनाव चिह्न दिया गया है।