कटार मिश्र घाट पुल से युवती ने कुआनो में लगाई छलांग
मछुआरों ने की तलाश, एसडीआरएफ को भी दी गई सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के कटार मिश्र गांव के पास कुआनो नदी पर बने पुल से सोमवार को दोपहर में एक युवती ने नदी में छलांग लगा दी। युवती के नदी में कूदने के बाद तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर धनघटा पुलिस ने स्थानीय मछुआरों से तलाश कराई लेकिन देर शाम तक युवती का पता नहीं चल सका था। धनघटा पुलिस ने एसडीआरएफ को बुलाने के लिए सूचना भेजी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर में महुली क्षेत्र के कोदवट गांव की तरफ से करीब 22 वर्षीय युवती तेजी के साथ पैदल चलते हुए नदी पर बने पुल पर पहुंची। कुछ देर तक इधर-उधर देखने के बाद बीच पुल से नदी में पूरब तरफ छलांग लगा दी। नदी में मछली का शिकार कर रहे मछुआरों की नजर जब पड़ी तो वे शोर मचाते हुए उसके बचाव में जुट गए, लेकिन देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चल सका। दूसरी तरफ घटना की सूचना पर धनघटा पुलिस मौके पर पहुंची और मछुआरों से तलाश कराई लेकिन पता नहीं चला। थानाध्यक्ष धनघटा अनिल कुमार दुबे ने बताया कि नदी में कूदने वाली युवती महुली थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। एसडीआरएफ को बुलाने के लिए सूचना भेजी गई है।