दुधारा थाना क्षेत्र के थोड़ाही गांव में मृतक के रोते बिलखते परिजन।संवाद
संतकबीरनगर। दुधारा क्षेत्र के मुसरद चौराहे पर मुर्गा खरीदने गए कोतवाली क्षेत्र के ढोढ़ई निवासी युवक की डीजे के विवाद को लेकर बृहस्पतिवार देर शाम एक युवक ने चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। इधर घटना से गुस्साई भीड़ ने आरोपी युवक को पकड़ कर पिटाई कर दी। शुक्रवार को दोपहर में पुलिस ने बघौली पुलिया के पास आरोपी युवक को गिरफ्तार किया।
कोतवाली क्षेत्र का ढोढ़ई और दुधारा क्षेत्र का मुसरद गांव आसपास है। 16 मई को मुरसद में आई बरात में डीजे में नाचने को लेकर ढोढ़ई गांव के रहने वाले 22 वर्षीय रामू उर्फ रूदल पुत्र सोमई और मुसरद गांव के इरफान के बीच विवाद हुआ था। बृहस्पतिवार को रामू उर्फ रूदल गांव निवासी दोस्त मनोज कुमार और अमन निषाद के साथ मुसरद चौराहे पर मोबीन मुर्गा वाले की दुकान पर मुर्गा खरीदने गए थे। मोबीन की दुकान पर पहले से ही मुसरद गांव निवासी इरफान पुत्र अजीजुद्दीन पहले से खड़ा था।
आरोप है कि पूर्व में डीजे के विवाद को लेकर इरफान ने रामू उर्फ रूदल और अमन को अपशब्द कहा। विरोध करने पर मुर्गा की दुकान पर रखे चाकू से इरफान ने रामू उर्फ रूदल के गर्दन पर प्रहार कर दिया। चाकू के हमले में रूदल के गले पर आगे दाहिने तरफ गंभीर चोटें आई। बेहोश होकर वह नीचे गिर पड़ा। घटना देखकर भीड़ जुट गई। नाराज भीड़ ने पकड़ कर आरोपी इरफान की पिटाई कर दी। साथी मनोज और अमन ने बाइक से घायल रूदल को लेकर जिला अस्पताल गए,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
इधर घायल इरफान को लेकर परिजन खलीलाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए,जहां से उसे भी डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। ढोढई गांव निवासी रूदल के साथी मनोज कुमार पुत्र राम ललित ने दुधारा थाने में तहरीर देकर देर रात आरोपी इरफान के खिलाफ चाकू से हमला करके घायल करने, मारने-पीटने , अपशब्द कहने और जानमाल की धमकी देने का केस दर्ज कराया। शुक्रवार की भोर में मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान चाकू के हमले में घायल रामू उर्फ रूदल की मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर एसपी सत्यजीत गुप्ता, सीओ दीपांशी राठौर, एसओ अनिल दूबे पीड़ित के घर पहुंच गए और घटना की जानकारी जुटाई। एसओ ने बताया कि आरोपी इरफान को बघौली पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मुसरद गांव के नहर के किनारे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ। इस मामले में दर्ज मुकदमे को तरमीम करते हुए गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाते हुए पकड़े गए आरोपी इरफान को जेल भेज दिया गया।