दो जनवरी को हुई थी पिटाई, 16 जनवरी को इलाज के दौरान बस्ती में मौत
पत्नी ने गांव के दंपती पर लगाया है आरोप, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के पड़री खुर्द के रहने वाले एक युवक को मुंबई में पैसे के लेनदेन को लेकर मारपीट कर घायल कर दिया। युवक घर पहुंचा और परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए तो उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मेंहदावल पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही दंपती पर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पेड़ारी खुर्द निवासी शिवनाथ (40) पुत्र मोती राजभर पिछले आठ सालों से मुंबई में रहकर मजदूरी करता था। उसी गांव का एक युवक पत्नी के साथ मुंबई में रहता था। पैसे के लेनदेन की बात पर मुंबई में ही दो जनवरी को विवाद हुआ था। इस पर मारपीट की घटना होने की बात कही जा रही है।
थानाध्यक्ष विजय कुमार दूबे ने बताया कि आठ जनवरी को शिवनाथ को इलाज के लिए उसका छोटा भाई महेंद्र ट्रेन से गांव लाया था। परिजनों ने मेंहदावल और खलीलाबाद में इलाज कराया। 16 जनवरी को इलाज के लिए परिजन बस्ती स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए थे। वहां उसकी मौत हो गई।
बताया कि परिजन शव को लेकर गांव आए और डाॅयल 112 पर सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस बल के साथ जब मौके पर गया तो घटना की जानकारी ली। इसमें परिजनों ने दो जनवरी को मुंबई में मारपीट की घटना की पुष्टि की। मृतक के भाई की पत्नी राधिका ने उक्त मामले में तहरीर दी है। गांव के ही दंपती पर आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।