संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मगहर के पूरब आमी नदी घाट पर नगर का एक युवक सोमवार की दोपहर में नहाते समय नदी में डूब गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से लाश को नदी से बाहर निकलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला मुख्यालय ख़लीलाबाद स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।
प्राप्त समाचार के अनुसार नगर के मोहल्ला रानी बाजार निवासी सत्यम गुप्ता पुत्र स्वर्गीय फिरंगी गुप्ता उम्र 26 वर्ष स्थानीय काजीपुर मुहल्ले में स्थित एक दुकान पर कार्य करता था। सोमवार को दोपहर में भोजन करने लिए घर जाने की बात कह कर उक्त दुकान से गया। उसके कुछ ही देर बाद कबीर चौरा परिसर के पूरब स्थित आमी नदी में नहाते समय पैर फिसल जाने से डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलने के तत्काल बाद चौकी इंचार्ज रजनीश राय अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उसके बाद कस्बे के ही गोताखोर अनिरुद्ध निषाद साधू निषाद, मुलायम निषाद, महेंद्र निषाद, गोविंद यादव, राजकुमार निषाद, सूरज निषाद ने नदी के पानी में डूबे युवक की तत्काल तलाश शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद युवक की लाश मिली।लाश को खोज निकालने वाले गोताखोरों को 2100 रुपये इनाम दे कर सम्मानित किया गया। पुलिस ने मृतक सत्यम गुप्ता की लाश को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।