संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के सिकरी अमहवा गांव में रंजिश में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सिकरी अमहवा निवासी पंकज उर्फ अमरजीत यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात जून को वह करीब 11:30 बजे दिन में गोहनिया निबियहवा से रुपये लेकर घर लौट रहा था। अमहवा गांव में टेमई प्रधान के पुत्र रामप्यारे निषाद के मकान के सामने पहुंचते ही दिलीप निषाद, सोनू निषाद, संजय निषाद तथा दो-तीन अज्ञात ने उसे घेर लिया और रंजिश में गाली-गलौज की और घसीटते हुए घर के अंदर ले गए। वहां मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। घटना की सूचना डायल-112 पुलिस तथा पचपोखरी चौकी को दी गई। आरोपियों ने उसका मोबाइल भी रख लिया और जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे कार्रवाई की जा रही है।