मृतक कन्हैया के घर पर जुटी भीड़।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
सड़क हादसों में युवक और किसान की मौत
खर्रा गांव व लोहरैया चौक के पास हुई दुर्घटना
धनघटा/लोहरैया(संतकबीरनगर)। राम जानकी मार्ग पर रविवार शाम हुए अलग-अलग हादसे में युवक और किसान की मौत हो गई। सूचना मिलते ही दोनों पीड़ितों के घर कोहराम मच गया।
धनघटा क्षेत्र के टांड़ा गांव के टोला बनहैती निवासी 18 वर्षीय कन्हैया चौहान पुत्र पूर्णमासी चौहान हाईस्कूल का छात्र था। कन्हैया के पिता विदेश में हैं। गोरखपुर के सिकरीगंज के पास का रहने वाला कोई व्यक्ति सोमवार को उसके पिता के पास जाने वाला था। पिता को सामान देने के लिए कन्हैया बाइक से घर से निकला था। खर्रा गांव के पास राम जानकी मार्ग पर तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक घायल हो गया। हादसे के बाद जुटे आसपास के लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर में एक प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरी दुर्घटना लोहरैया चौक के पास हुई। जिगिना गांव निवासी 70 वर्षीय किसान रामचंद्र पुत्र बदलू गौड़ साइकिल से किसी काम के लिए टांडा के पास मिश्रौलिया गांव गए हुए थे। जब वह मिश्रौलिया गांव से चलकर राम जानकी मार्ग पर लोहरैया चौक के पास पहुंचे ही थे, उसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। घायल होकर रामचंद्र सड़क पर गिर गए। लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
लोहरैया चौकी इंचार्ज चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों हादसे में घायल हुए लोगों की मौत की सूचना मिली है। तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।