मगहर। योग दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन व आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में कबीर चौरा के आमी नदी के तट पर स्थित शिवमंदिर परिसर में योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों ने लोगों को योगाभ्यास कराया। इस दौरान जिला वनाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि मानव के शरीर को निरोग रखने के लिए योग करना आवश्यक है। जब शरीर स्वस्थ रहेगा तभी मस्तिष्क तेज व मन प्रसन्न होगा। हमें प्रति दिन योगासन, प्राणायाम करके शरीर को स्वस्थ रखने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि योग करने वाले व्यक्ति को दवा की आवश्यकता नहीं पड़ती है। प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरे विश्व में करोड़ों लोग एक साथ योग करते हैं। आज विश्व के लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना चुके हैं।
चेयरमैन प्रतिनिधि नुरूज्जमा अंसारी ने कहा कि योग करना ही शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा साधन है। शरीर निरोगी रखने की मुहिम के अंतर्गत सभी से अपने दैनिक जीवन में योग को अपने दैनिक जीवन में उतारने की अपील की। प्रशिक्षक राम आशीष ने कहा कि स्वयं को पूरी तरह स्वस्थ रखने का एकमात्र विकल्प योग है। प्रशिक्षकों ने भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम विलोम, भ्रामरी, उदगीदन, उज्जायी, मण्डूक आसन, बज्रासन, गौमुख आसन,सूर्य नमस्कार सहित अन्य आसन व प्राणायाम कराया। शिविर का संचालन अमित जैन ने किया।
योग शिविर में डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. अशोक चौधरी, डॉ. बालकेश चौधरी, अवधेश सिंह, विनीत चड्ढा, राधेश्याम मिश्रा, संजय दूबे, राजेश गुप्ता, तीर्थराज यादव, सुजीत गुप्ता, अतुल श्रीवास्तव, रईस आलम, शफीकुर्रहमान, बैजनाथ वर्मा, रवि प्रकाश पांडेय,खुर्शीद खां आदि लोग शामिल रहे।