संतकबीरनगर। नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने घरों और मंदिरों में मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की। माता का रोली से तिलक कर पुष्प व फल अर्पित कर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। आरती व दुर्गा चालीसा के पाठ के साथ ही पूजन किया। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में दर्शन के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। सोमवार को भोर से देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं को आवागमन शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने हवन सामग्री के साथ ही धूप, कपूर, लौंग, सूखे मेवा, मिश्री-मिष्ठान, देशी घी के साथ आहुति देकर पूजन किया। इसके साथ ही कई श्रद्धालुओं ने दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। शहर के समय माता मंदिर, वन देवी मंदिर, बरदहिया दुर्गा मंदिर समेत अन्य मंदिरों में दर्शन को लेकर भीड़ रही। ज्योतिषाचार्य सुजीत महाराज ने बताया कि मां ब्रह्मचारिणी ध्यान, ज्ञान और वैराग्य की अधिष्ठात्री देवी हैं। साधक उनकी आराधना कर ज्ञान-ध्यान के साथ ही वैराग्य प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान समय माता मंदिर में एचआर इंटर कॉलेज के स्काउट गाइड सेवा में लगे रहे ओर लोगों को लाइन लगाकर माता का दर्शन कराया।