- नाथनगर ब्लाॅक के 15 गांवों से पहुंचे थी मजदूर
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। नाथनगर ब्लाॅक के 15 ग्राम पंचायतों के महिला मनरेगा मजदूरों ने बुधवार को ब्लाॅक मुख्यालय पर मनरेगा की मजदूरी का भुगतान न करने तथा पंचायतों में काम न मिलने से आक्रोशित होकर बीडीओ कार्यालय पर हंगामा किया। ज्ञापन सौंपकर मजदूरी का भुगतान करने के साथ ही मनरेगा के तहत काम की मांग की। मजदूरों ने कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर मजदूरी और काम न मिला तो वह खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी करने के लिए बाध्य होंगी।
नाथनगर विकास खंड के ग्राम पंचायत पड़रहा, खरवनिया, तिनहरी, तिघरा, कोल्हूगाडा, मुकुंदपुर, जयराम पट्टी, काली जगदीशपुर, बलही, बेल्डुहा आदि ग्राम पंचायतों की रीना देवी, सेवाती देवी, नीता, प्रमिला, चंद्र कला, विद्या देवी, संवारी, शांति, सुमित्रा, मीना देवी सहित करीब तीस से अधिक महिला मजदूरों ने ब्लाॅक अध्यक्ष मनरेगा संघ बाला देवी के नेतृत्व में बुधवार को ब्लाॅक मुख्यालय पर पहुंचकर मजदूरी की मांग को लेकर हंगामा किया।
खंड विकास अधिकारी रूप नारायण भारती के निर्देश पर एपीओ मेराजुल हक को मजदूरों का ज्ञापन लेने को कहा। इसके साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारियों को तत्काल मस्टर रोल निकाल कर उक्त ग्राम पंचायत के मजदूरों की काम देने व मजदूरी भुगतान प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। एपीओ के समझाने और मास्टररोल जारी करने पर महिलाएं शांत हुई।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी रूप नारायण भारती ने बताया कि शीघ्र ही मजदूरों की समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा।
00000000000000000
ब्लाॅक पर मनरेगा से काम मांगने पहुंचीं प्रधान की भाभी
धनघटा। नाथनगर ब्लाॅक मुख्यालय पर बुधवार को मनरेगा मजदूरों में साथ एक ग्राम प्रधान की भाभी भी काम मांगने पहुंची थी। जो ब्लाॅक में चर्चा का विषय रहा।
ग्राम पंचायत मुकुंदपुर के ग्राम प्रधान शिवचरन है। बुधवार को मनरेगा मजदूरों के साथ ग्राम प्रधान की भाभी आरती पत्नी राम उजागिर गांव की छह औरत के साथ काम मांगने पहुंची थीं। उनका कहना था कि ग्राम पंचायत में उन्हें काम नहीं मिलता, जिसके कारण बीडीओ के पास काम मांगने आई हूं।