- बीडीओ के जल निकासी की समस्या का समाधान करने के आश्वासन पर लोग लौटे
-नाली निर्माण किए जाने की मांग ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी से कई बार की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के सुरैना गांव में जल निकासी की समस्या से परेशान लोगों ने बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय हैंसर बाजार पर पहुंचकर खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनके घर से निकलने वाला पानी नाली न होने की वजह से बाहर नहीं जा पा रहा है। इससे तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खंड विकास अधिकारी ने जल निकासी की समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया, तब लोग लौटे।
प्रदर्शन में शामिल सिंधु, प्रेमशिला, पूनम, अनीता, प्रमिला, संजू, बिंदु , रीता, नाशपाती, प्रेमलता आदि ने कहा कि उनके गांव में जल निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। इसके कारण लोगों के घरों से निकलने वाला पानी रास्ते में बहकर एकत्रित होता है। पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण घरों में रहना खाना मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियां भी फैलती हैं। गांव वालों का कहना था कि जल निकासी के लिए नाली निर्माण किए जाने की मांग ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी से कई बार की गई, लेकिन वह ध्यान नहीं दे रहे। उसके बाद दो बार संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थनापत्र दिया गया। उस पर भी कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान ग्रामीण बुधवार को ब्लॉक पर पहुंचकर बीडीओ कार्यालय के समक्ष हंगामा किया गया।
खंड विकास अधिकारी आरपी पांडेय ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए संबंधित टीए व ग्राम पंचायत अधिकारी को निर्देशित किया। महिलाओं ने कहा कि यदि एक पखवाड़े के भीतर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ब्लॉक पर पहुंचकर धरना देंगी, जिसकी जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी की होगी।