- 14 जून को धनघटा क्षेत्र के छपरा मगरवी गांव में जमीन विवाद में मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के छपरा मगरवी गांव निवासी महिलाओं ने गांव के रहने वाले दबंग किस्म के व्यक्ति ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट की वजह जमीन विवाद बताया जा रहा है। इस मामले को लेकर महिलाएं एसपी के पास पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
नीलम कन्नौजिया पत्नी स्व. गिरजेश कन्नौजिया का आरोप है कि गांव निवासी एक शख्स से जमीन विवाद चल रहा है। 14 जून की शाम नीलम, उनकी देवरानी उषा पत्नी पप्पू, देवरानी इंद्रावती पत्नी राम हरीश गांव के बाहर जा रही थीं। अभी घर से थोड़ी दूर पहुंची तो पहले से घात लगाकर बैठे 15 से 20 लोग महिलाओं को मारने-पीटने लगे। नीलम की इस कदर पिटाई कर दी कि वह अचेत होकर गिर पड़ी।
नीलम का आरोप है कि उसी दिन थाने पहुंचकर प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शुक्रवार को महिलाएं एसपी के पास पहुंचीं और प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। महिलाओं का कहना है कि पुलिस कप्तान ने इस मामले में शीघ्र जांच करा कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।