कोरोना जांच करता स्वास्थ्य कर्मी।
संतकबीरनगर। जिले में बृहस्पतिवार को पांच महिलाओं समेत छह लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। पिछले 22 दिन में 56 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की जांच का दायरा बढ़ाया है। रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की कोरोना जांच हो रही है।
खलीलाबाद क्षेत्र की 35 वर्षीय महिला, 11 वर्षीय बालिका, 22 वर्षीय युवती, 23 वर्षीय महिला ने जिला अस्पताल में कोरोना की जांच कराई। इनकी रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटिव आई है। इसके साथ ही बघौली क्षेत्र की 60 वर्षीय महिला और 52 वर्षीय एक व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन सभी को खांसी, सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने इन सभी को दवा देकर घर पर भेज दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन सभी के गांव में परिजनों के सैंपल लिए। हालांकि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। जिले में पिछले 22 दिनों में 56 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
उसके बाद भी लोग चेत नहीं रहे हैं। जिला अस्पताल में भी लोग बिना मास्क के पहुंच जा रहे हैं। इसके साथ ही बाजारों में भी लोग बिना मास्क के आ रहे है। जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली ने बताया कि जिले में कोरोना के अब तक 56 मरीज मिल चुके हैं, जिसमे से 36 स्वस्थ हो चुके हैं। अब कुल 20 केस मरीज हैं। प्रतिदिन 600 के करीब सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही बाहर से आने वालों पर नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन पर जांच हो रही है। जिनको दिक्कत महसूस हो, वे खुद आकर जांच करा लें।