- 9 जुलाई को कोल्हुआ लकड़ा गांव की महिला आमी नदी में डूबी थी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नौ जुलाई आमी नदी में कोल्हुआ लकड़ा गांव की महिला फिसलकर डूब गई थी, जिसका शव बृहस्पतिवार को दिन में जंगलऊन गांव के पास पानी में उतराता पाया गया। पति की सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है।
कोल्हुआ लकड़ा गांव निवासी इंद्रावती पत्नी राजू नौ जुलाई को आमी नदी की तरफ गई थी। परिजनों के मुताबिक वह नित्य क्रिया के बाद नदी में हाथ धुल रही थी, जहां पर पैर फिसलने के बाद नदी में जाकर लापता हो गई। सूचना के ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन भी परिजन घटनास्थल से काफी दूरी तक खोजबीन किए फिर भी शव नहीं मिल पाया।
बृहस्पतिवार को पति राजू ने जंगलऊन गांव के पास शव को देखकर कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दिया। एसएसआई राजेश दूबे ने बताया कि पति की सूचना के बाद शव को पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
मायकेवालों ने धक्का देकर बेटी को मारने का लगाया आरोप
मेंहदावल निवासी द्विजा पत्नी श्यामलाल ने बेटी के ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाने पर बेटी इंद्रावती को मारपीट कर हत्या करके आमी नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। मृतका की मां ने बेटी के पति समेत अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।