जिला अस्पताल में जन्मे एक साथ तीन बच्चे।
महिला ने एक साथ दिया तीन बच्चों को जन्म
महिला चिकित्सक डॉ. शशि सिंह तथा बेहोशी के चिकित्सक डॉ. संतोष का प्रयास सफल
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में सोमवार को एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। जच्चा बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित है। चिकित्सकों की इस सफलता पर सीएमओ और सीएमएस ने बधाई दी है।
गोरखपुर जनपद के कुरी बाजार निवासी 26 वर्षीय शिवांगी का मायका बस्ती जिले के हरदी में है। उनके पति दिल्ली में मजदूरी करते हैं। गर्भावस्था के तीसरे माह अपने मायके चली आईं। दो साल पूर्व उनकी सिजेरियन डिलेवरी एक प्राइवेट चिकित्सालय में हुई थी। जिससे बच्चे की मौत हो गई थी, इसलिए वह सशंकित थीं। उनके मायके की एक नर्स ने उन्हें जिला चिकित्सालय की महिला चिकित्सक डॉ. शशि सिंह के बारे में बताया। इसके बाद वह डॉ. शशि की देखरेख में ही जांच करवाती थीं। डॉ. शशि ने उनकी कई बार जांच कराने के साथ ही आवश्यक सुझाव भी दिए। शनिवार को जब वह जांच कराने के लिए आईं तो ऑपरेशन के जरिए तीनों बच्चे पैदा कराए। जिसमें दो बच्चियों का वजन 2.2 किलो तथा बच्चे का वजन 1.9 किलोग्राम है। एहतियात के तौर पर तीनों बच्चों को बॉडी वार्मर में रखा गया है। बाल रोग विशेषज्ञ भी निगरानी कर रहे हैं। डॉ. शशि सिंह ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह से सफल रहा है। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय सिंह, सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी ने चिकित्सकों को बधाई दी है।