-अस्पताल के डॉक्टर और अन्य स्टॉफ पर मढ़ा अभद्रता और धक्का देने का आरोप
- पुलिस ने डॉक्टर और चार-पांच अन्य स्टॉफ के खिलाफ दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में जांघ की हड्डी का ऑपरेशन कराने गई महिला की शुक्रवार रात मौत हो गई। परिजनाें ने डॉक्टर और स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर करीब दो घंटे तक हंगामा किया। बाद में पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने डॉक्टर और चार-पांच अन्य स्टॉफ पर अपशब्द कहने, धक्का देने और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया।
गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र के चवरिया बुजुर्ग गांव निवासी राजेंद्र नायक पुत्र स्वर्गीय शिवजतन नायक ने बताया कि उसकी 60 वर्ष की पत्नी शकुंतला देवी 16 अगस्त को बाघागाडा गोरखपुर के पास मार्ग दुर्घटना में घायल हो गई थी। पत्नी की दाहिनी जांघ की हड्डी टूट गई। उसे मेडिकल काॅलेज गोरखपुर ले गए तथा इमरजेंसी में भर्ती करा दिया। उसी दिन एक्सरे देखकर डाॅक्टर ने ऑपरेशन कर राॅड डालने की सलाह दी। 17 अगस्त को दोपहर में डाॅक्टर पुनः आए और परामर्श दिया कि अभी वेटिंग है। इनका ऑपरेशन एक सप्ताह बाद हो पाएगा। परिजनों ने विचार-विमर्श के बाद रिश्तेदार डॉक्टर विपिन कुमार से संपर्क किया। एक्सरे और रिपोर्ट कुमार हास्पिटल एंड आर्थोपेडिक सेंटर खलीलाबाद में कार्य करने वाले डाॅक्टर विपिन कुमार के पास भेजा।
डाॅक्टर विपिन कुमार ने बताया कि मरीज को लेकर कुमार हास्पिटल आइए और आज ही ऑपरेशन करेंगे। वे लोग मेडिकल काॅलेज से मरीज को डिस्चार्ज कराकर 17 अगस्त को शाम सात बजे कुमार हास्पिटल पहुंचे। वहां मरीज को भर्ती कर लिया गया। 18 अगस्त की शाम पांच बजे के मरीज की ईसीजी एवं ब्लड जांच करवाई गई। मरीज को दस बजे रात में ऑपरेशन के लिए ले जाया गया। मरीज का पुत्र मनीष नायक व भतीजा आशुतोष नायक मरीज को स्ट्रेचर से ऑपरेशन थियेटर तक पहुंचाए। आरोप है कि 15 मिनट बाद ऑपरेशन थियेटर से एक व्यक्ति आया और आशुतोष को कहा कि डाॅक्टर साहब बुला रहे हैं। जब आशुतोष ऊपर गया तो डाक्टर विपिन कुमार ने बताया कि तुम्हारे मरीज की मृत्यु हो गई है। परिजन रोने-बिलखने लगे।
रोने की आवाज सुनकर अस्पताल के लोग आशुतोष को अपशब्द कहने लगे। काॅलर पकड़कर मारा-पीटा व बाहर धकेल दिया। मना करने पर मनीष को भी मारा-पीटा। उसके बाद परिजन हंगामा करने लगे। करीब दो घंटे तक परिजन हंगामा करते रहे। बाद में पुलिस पहुंच गई और लोगों को शांत कराया। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि डॉक्टर विपिन कुमार और चार-पांच अन्य स्टॉफ के खिलाफ गोलबंद होकर अपशब्द कहने और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। उसकी वीडियोग्राफी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी।
इंसेट
तहसील दिवस में फफक पड़े भाई-बहन
शनिवार को खलीलाबाद तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम जय प्रकाश और एएसपी संतोष सिंह फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। उसी दौरान पीड़ित मनीष और बेटी सरिता पहुंच गईं और प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भाई-बहन फफक कर रोने लगे तो वहां मौजूद भीड सन्न रह गई। एएसपी ने बताया कि इस प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।