संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नाथनगर के परिसर में स्थित पानी की टंकी पर सोमवार की दोपहर एक मनोरोगी महिला चढ़कर कूदने की धमकी देने लगी। स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अन्य मौजूद लोगों ने उसे उतरने के लिए सिफारिश करते रहे। लेकिन महिला पानी की टंकी से नहीं उतरी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक, एसडीएम पहुंच गए। फायर सर्विस की गाड़ी भी मंगा ली गई। जिसके सहयोग से महिला को उतारने का प्रयास किया गया। आखिरकार महिला उतरने को तैयार हो गई।
सीएचसी परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ी मनोरोगी महिला को उतारने के लिए एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह के साथ चौकी प्रभारी हरिकेश भारती घंटों प्रयास किए। लेकिन महिला को पानी की टंकी से उतारने में सफलता नहीं मिली। मजबूर होकर एसडीएम ने फायर सर्विस को फोन कर मौके पर बुलाया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी महिला को नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए। थाने के एक सिपाही रमेश मिश्र ने हिम्मत करके छुप-छुप कर पानी की टंकी पर चढ़ कर महिला को पकड़ लिया। आखिरकार महिला को नीचे उतारा गया।