संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उप कृषि निदेशक डॉ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 18वीं किस्त से पहले जनपद में 29,400 किसानों का डाटा ई-केवाईसी के लिए लंबित था। जिलाधिकारी ने समस्त ग्राम पंचायत सहायक, कृषि तकनीकी सहायक कर्मचारियों की गांववार ड्यूटी लगाई गई। अब तक 13,810 किसानों का ई-केवाईसी कराया जा चुका है। शेष किसान गांव से बाहर मुंबई, दिल्ली इत्यादि जगहों पर परिवार सहित रोजगार के लिए गए हुए हैं। उक्त किसानों से फोन से संपर्क कर ई-केवाईसी कराए जाने हेतु कहा जा रहा है।
उप कृषि निदेशक कार्यालय कृषि भवन में हेल्प डेस्क एवं समस्त विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार पर नियमित रूप से कैंप संचालित हैं। किसान संपर्क कर पीएम किसान सम्मान निधि योजना संबंधी समस्याओं का निवारण कर रहे हैं। किसान स्वयं भी भारत सरकार की वेबसाइट पीएम किसान पर जाकर अपना आधार नंबर अंकित कर पंजीकरण का विवरण चेक कर सकते हैं। साथ ही यदि ई-केवाईसी नहीं हुआ है तो उसमें आधार नंबर डालकर ई-केवाईसी कर सकते हैं। शासन द्वारा सभी पात्र किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिए जाने हेतु ई-केवाईसी का अभियान चलाया गया है जो किसान अपात्र हैं वह इस माध्यम से बाहर हो जाएंगे।