- प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति के लिए डीएम ने प्रमुख सचिव को भेजा पत्र, जाम की समस्या होगी दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम ने शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर के कुछ महत्वपूर्ण मार्गों का चौड़ीकरण और सदृढ़ीकरण कार्य की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा है। इसमें बाईपास, रिंग रोड़ व अन्य मार्गों के चौड़ीकरण का कार्य जल्द ही पूरा होगा।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बांसी-नंदौर-खलीलाबाद मार्ग के साथ ही डीएम आवास होते हुए टाईप-चार आवास तक संपर्क मार्ग पर ऑफिसर काॅलोनी व कई कार्यालय, जैव विविधता पार्क का कार्य प्रस्तावित है। वर्तमान में इस मार्ग का चौड़ीकरण हो रहा है। लेकिन बजट के अभाव में कार्य रुका हुआ था। जिसे देखते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 में बांसी-नन्दौर-खलीलाबाद मार्ग से जिलाधिकारी आवास होते हुए लगभग 1.20 किमी, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति कराई जाएगी।
इसके अलावा लखनऊ-गोरखपुर मार्ग हाईवे व नंदौरी-न्योरी मार्ग जनपद मुख्यालय के समीप खलीलाबाद शहरी भाग से गुजरती है। इन मार्गों पर भारी वाहनों का बराबर आवागमन बना रहता है। जिसके कारण शहर में जाम की समस्या लगातार उत्पन्न होती है। शहर के बाईपास के लिए वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा पायलपार से भुवरिया मार्ग का दो लेन में चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण का कार्य निर्माणाधीन है। अन्य तीन तरफ बाईपास व रिंग रोड का निर्माण कराया जाना आवश्यक है।
जनपद मुख्यालय से बाईपास, रिंग रोड का निर्माण हो जाने से भारी वाहनों का आवागमन बाईपास से होने पर जाम की समस्या से निजात मिल जाएगा। साथ ही शहरी विस्तारीकरण को भी नई दिशा मिलेगी। जिसके लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में शहरों के बाईपास व रिंग रोड़ योजना के तहत मंझरिया-कोडारी-कटका मार्ग का चौड़ीकरण एवं सदृढ़ीकरण का कार्य, सरैया दशहरा से बघौली सहित अन्य मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य कराने के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को डीएम ने पत्र भेजा है।