बखिरा। क्षेत्र के एक विद्यालय की अध्यापिका ने कक्षा में छात्रों के पास मोबाइल फोन की जांच की। इससे नाराज एक छात्र ने अध्यापिका की कार का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में पीड़ित अध्यापिका की शिकायत पर बखिरा पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गोरखपुर जनपद के सूरजकुंड निवासी गौरी त्रिपाठी का आरोप है कि वह क्षेत्र के आदर्श जनता इंटर काॅलेज, पचपेड़वा में अध्यापन का कार्य करती हैं। निजी वाहन से वह प्रतिदिन विद्यालय आती हैं। विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य सुचारू ढंग से चलने के लिए प्रधानाचार्य के निर्देश पर उन्होंने सितंबर के प्रथम सप्ताह में कक्षा में छात्रों के मोबाइल रखने की रूटीन जांच की थी। मोबाइल जांच करने से नाराज एक छात्र ने 14 सितंबर को विद्यालय से गोरखपुर घर जाते समय उनकी कार का पीछा करते हुए बघौली-पिपरा बोरिंग मार्ग पर बरईपार ईंट-भट्ठे व बजरिया चौराहे के मध्य कार पर ईंट के टुकड़ों से हमला कर दिया। उनकी कार व शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। विद्यालय प्रशासन के समझाने पर छात्र उग्र होकर अध्यापकों पर गोली चलाने की धमकी देने लगा। एसओ श्याममोहन ने बताया पीड़ित महिला अध्यापक की शिकायत पर आरोपी छात्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।