छह करोड़ की लागत से बरईपार में बनकर तैयार हुआ स्वतंत्र फीडर, ट्रायल पूरा, जिले के करीब 50,000 बुनकरों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बिजली संकट से जूझ रहे बनुकरों को राहत मिलने की उम्मीद जग गई है। करीब छह करोड़ की लागत से बरईपार में बुनकरो के लिए स्वतंत्र फीडर बनकर तैयार हो गया है। इससे करीब 50 हजार बुनकरों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। इसके लिए लगाए गए ट्रांसफाॅर्मर का ट्रायल पूरा हो चुका है। जल्द ही फीडर से बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
बखिरा क्षेत्र के अमरडोभा, लेडुआ महुआ सहित आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में बुनकर रहते हैं। उनका मुख्य पेशा बुनकरी है, लेकिन बिजली संकट की वजह से बुनकरों की रोजी-रोेटी पर संकट खड़ा हो गया है। बुनकरों को अभी तक ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे उन्हें 14 से 15 घंटे ही बिजली मिल पाती है। साथ ही लोकल फाल्ट की समस्या भी बनी रहती है। इस समस्या को देखते हुए बरईपास में करीब एक साल पहले छह करोड़ की लागत से बुनकरों के लिए स्वतंत्र फीडर स्थापित किए जाने की स्वीकृति मिली। मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू हुआ और अब यह स्वतंत्र फीडर बनकर तैयार हो गया है। करीब 15 दिन पूर्व यहां पर ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया और ट्रायल किया गया जो सफल रहा है। ऐसे में अब इस फीडर से बुनकरों को बिजली सप्लाई की तैयारी की जा रही है। क्षेत्र के बुनकर इसहाक अंसारी, शमीम अंसारी आदि ने कहा कि बिजली संकट से काफी दिक्कत होती है, लेकिन अब स्वतंत्र फीडर से बिजली सप्लाई शुरू होने पर इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
बरईपार में बुनकरों के लिए स्वतंत्र फीडर बनकर तैयार हो गया है। इसका ट्रायल किया गया है, जो सफल रहा है। बहुत ही जल्द इस फीडर से बुनकरों को बिजली की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। इससे बुनकरों को राहत मिलेगी।
अनिल चौरसिया, जेई बिजली