जिला चिकित्सालय में सर्दी, जुकाम, बुखार व खांसी के मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मौसम में बदलाव आ गया है। सुबह शाम सर्द हवा चल रही है तो दिन में तेज धूप निकल रही है तो कभी-कभी बादल छा जा रहे है। ऐसे में मौसम के बदलाव के चलते लोग बीमार हो रहे है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित करीब 200 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं और इलाज करा रहे हैं। चिकित्सक सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि लगातार मौसम बदल रहा है। जिसके कारण मौसमी बीमारियों से पीड़ित लोगों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बदलते मौसम में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, एलर्जी समेत अन्य बीमारी के चपेट में लोग आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतने से इससे बचा जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि खान-पान पर विशेष ध्यान दिए जाए।
पौष्टिक आहार का सेवन करें। खासकर बच्चों के सही पोषण पर ध्यान दिया जाए। बताया कि मौसमी बीमारी से बचाव के लिए खाना घर पर बनाकर खाएं और पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पानी का सेवन करें। ठंड के मौसम में गुनगुना पानी काफी फायदेमंद है।