संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के बगहिया और मोहद्दीनपुर में जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है। मानसून आने में सिर्फ 18 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में मोहल्ले के लोगों की चिंता बढ़ गई है। कारण यह है कि ध्वस्त और जाम नालियां मोहल्ले वासियों को फिर दर्द देंगी। वैसे भी हर साल बरसात के मौसम में यहां भारी जलभराव से लोगों को जूझना पड़ता है। इसके साथ ही अन्य समस्याएं भी बनी हुई हैं। लोगों को शहर की नई सरकार से उम्मीदें हैं।
खलीलाबाद शहर का बगहिया मोहल्ला पूर्व में नगर पालिका में शामिल रहा है, जबकि मोहद्दीनपुर को सीमा विस्तार में पालिका में शामिल किया गया है। यह मोहल्ले राष्ट्रीय राजमार्ग के उत्तर में बसे हैं। बगहिया में आने-जाने वाले मार्ग की स्थिति यह है कि जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात में यहां भारी जलभराव हो जाता है। कारण यह है कि मोहल्ले की अधिकतर नालियां जाम पड़ी हुई हैं। देखने से ऐसा लगता है कि जैसे कई महीने से नालियों की सफाई नहीं हुई है।
इस मोहल्ले से होकर मोहद्दीनपुर जाने के लिए रास्ता बना है, लेकिन वह भी बदहाल हो गया है। कई जगह बांस बल्ली के सहारे बिजली की आपूर्ति हो रही है। नई बसी कालोनियों में सड़क कच्ची है, जिससे बरसात के मौसम में घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। इसी प्रकार की स्थिति मोहद्दीनपुर की भी है। यहां मोहल्ला सीमा विस्तार में नगर पालिका में शामिल हुआ है, लेकिन यहां अब तक विकास की किरण नहीं पहुंची है। राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर मोहल्ले में जाने के लिए बनी सड़क नीची है, जबकि एक तरफ बगल से बनाई गई नालियां ऊंची है, जिससे बारिश होने पर पानी सड़क पर जमा हो जाता है, और लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यही नहीं कई जगह ऐसा है जहां अब तक नालियां बनी ही नहीं हैं, जिससे लोगों को बरसात के मौसम में मुसीबत झेलनी पड़ती हैं।
000000000000000000000000000000000000
मोहल्ले में जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है, जिसके कारण बरसात के मौसम में भारी जलभराव हो जाता है। यही नहीं जगह-जगह नालियां जाम पड़ी हैं। अब जबकि मानसून आना वाला है तो एक बार फिर चिंता सता रही हैं।
-चंदन कुमार, मोहल्लावासी
00000000000000000000000000000
बगहिया मोहल्ले में समस्या का अंबार है। जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है तो सड़कें भी जगह-जगह टूट गई हैं। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
-महेेश कुमार, मोहल्लावासी
00000000000000000000000000000000000000
मोहल्ले में जलभराव बड़ी समस्या है। बरसात के मौसम में घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। यही नहीं नालियां ध्वस्त और जाम हैं। इस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
-श्याम कुमार, मोहल्लावासी
00000000000000000000000000000000
मोहद्दीनपुर में आने-जाने वाला मार्ग नीचा है, जबकि नालियां ऊंची हो गई हैं, जिससे बारिश होने पर पानी सड़क पर ही पसर जाता है, जिससे आने-जाने में परेेशानी उठानी पड़ती है। यही नहीं कई जगह नालियों का निर्माण ही नहीं कराया गया है।
-कलीम, मोहल्लावासी
000000000000000000000000000000000000
बगहिया और मोहद्दीपुर में जल निकासी के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। नालियों की साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। अन्य समस्याओं को भी बहुत ही जल्द निदान करा दिया जाएगा।
-विनय कुमार मिश्र, ईओ, नगर पालिका, खलीलाबाद