- जलभराव वाले स्थान विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को दिखा रहे आईना
- जिले में डेंगू के जनवरी से अब तक मिल चुके हैं 34 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डेंगू फाइलेरिया, मलेरिया व मच्छर जनित अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन नगर पालिका क्षेत्र में फागिंग नहीं हो रही है, जबकि जिले में डेंगू के 34 मरीज अब तक मिल चुके है। वहीं खास बात यह है कि 25 वार्ड है और एंटी लार्वा छिड़काव की सिर्फ आठ मशीन ही है।
नगर पालिका प्रशासन खलीलाबाद में करीब एक लाख की आबादी निवास करती है। शहर 25 वार्ड में बंटा हुआ है। वर्तमान में मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का समय चल रहा है। इसलिए प्रशासन-प्रशासन की ओर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 31 अक्तूबर तक चलेगा। शहर में प्रतिदिन एंटीलार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश हैं, लेकिन नगर पालिका प्रत्येक मोहल्लों में प्रतिदिन फाॅगिंग नहीं करा रहा है। साथ ही शहर के बंजरिया, विधियानी, मड़या, गोरखल, गौसपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाली पड़े प्लाट पर जलभराव बना हुआ है। यह जलभराव मच्छरों को पनपने के लिए मुफीद जगह बना हुआ है। इससे शहरवासियों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है। लोगों का कहना है कि प्रतिदिन प्रत्येक मोहल्ले में फाॅगिंग कराई जाए, ताकि मच्छरों से राहत मिल सके।
शहर में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने का प्रयास किया जा रहा है। जहां पर जलभराव की स्थिति है वहां पर सफाईकर्मियों को जलनिकासी के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
- अवधेश कुमार, ईओ, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद