विवाहित प्रेमी के साथ गई प्रेमिका
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र की एक युवती शुक्रवार को विवाहिता प्रेमी के साथ चली गई। वह घर से नकदी, जेवरात और खुद का शैक्षणिक प्रमाणपत्र लेकर गई है। पीड़ित पिता ने बेटी को शादी का झांसा देकर प्रेमी युवक पर ले जाने का आरोप लगाया है। एक अन्य पर सहयोग करने का भी आरोप लगाया है।
सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 22 वर्षीय युवती कोतवाली पहुंची थी। उसका आरोप था कि वह जिस स्कूल में पढ़ती थी, उसी स्कूल में उसका प्रेमी पढ़ाता था। आठ वर्षों से दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। प्रेमी ने उससे शादी करने का वादा किया था। जबकि उसके पिता दूसरी जगह शादी करने की बात कह रहे थे। इधर प्रेमी की पत्नी का कहना था कि 18 मई को उसकी शादी हुई है। उसे पता नहीं था पति का दूसरी युवती से संबंध है, अन्यथा वह शादी नहीं करती।
शादी होने की वजह से पति पर सिर्फ उसका अधिकार है। पुलिस और परिजनों के समझाने के बाद प्रेमिका पिता के साथ घर चली गई थी। शुक्रवार को प्रेमिका अपने प्रेमी के साथ कहीं चली गई। प्रेमिका के पिता का आरोप है कि बेटी को शादी का झांसा देकर युवक एक अन्य व्यक्ति के सहयोग से भगा ले गया है। बेटी साथ में 45,000 रुपये, मां के गहने और खुद का शैक्षणिक प्रमाणपत्र ले गई गई है। कोतवाल विजय नारायन ने बताया कि आरोपी युवक पर युवती को भगाने का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।