मगहर। विकास खंड खलीलाबाद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बयारा में नई बोरिंग लगाने का ग्रामीणों ने मंगलवार को विरोध किया। इसकी लिखित शिकायत किसान नेता रणजीत सिंह के नेतृत्व में गांव वासियों ने डीएम से की है। इसको संज्ञान में लेते हुए बोरिंग का कार्य रोकने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया। इसके बाद कार्य को रोक दिया गया है।
भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया गया है कि ग्राम बयारा में पूर्व में सिंचाई विभाग ने एक बोरिंग लगवाई। जिससे गांव के पूरब के क्षेत्र के काश्तकार खेती की सिंचाई करते हैं। इसके अलावा गांव के पश्चिम ओर के काश्तकारों को खेत की सिंचाई करने में परेशानी होती है। पुरानी बोरिंग से मात्र पांच सौ मीटर की दूरी पर दूसरी बोरिंग लगाने का कोई औचित्य नहीं है। शिकायत करने वालों में कक्कू चौहान, राम प्रीत चौहान, विजय बहादुर सिंह, दान बहादुर सिंह आदि शामिल रहे।
इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि छोटे लाल यादव ने बताया कि चार पांच साल पहले दूसरी बोरिंग लगाने का प्रस्ताव हुआ था। उस समय विभाग के अधिकारियों ने सर्वे कर रिपोर्ट भेजी थी। बाद में उसे किन्ही कारणों से विभाग ने स्थगित कर दिया था। जब पुनः बोरिंग कराने के लिए विभाग के जिम्मेदार जमीन का सर्वे कर रहे थे, तब उन्हें कहीं भूमि नहीं मिली। तब खुद के नंबर में जमीन दे कर बोरिंग कराने के लिए विभाग को सूचित किया गया।