रोसयाबाजार। पौली क्षेत्र के चंदौली माफी गांव में मंगलवार को सड़क की मरम्मत कराने के लिए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
ग्रामीण गुलरेज अहमद, तौकीर, फुजैल अहमद, हकीमुल्लाह, वाजिद अली, बबुआ, शिबू, सदनान, साहिल, नूर आलम, तौहीद आदि का कहना है कि गोविंदगंज से चंदौली माफी होकर जाने वाली गोविंगंज-रोसया बाजार सड़क की मरम्मत का कार्य पीडब्लूडी विभाग के जरिए तीन माह पहले कराया गया। लेकिन, विभाग के जरिए चंदौली गांव में लगभग 30 मीटर सड़क का निर्माण कार्य नहीं कराया गया। इससे मस्जिद के पास सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। सड़क में बने गड्ढों में बारिश व घरों से निकलने वाला गंदा पानी भरा रहता है। मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। इतना ही नहीं, आने-जाने वाले राहगीर गिर कर घायल हो जाते हैं। सड़क निर्माण के लिए कई बार लिखित व मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।