सेमरियांवा ब्लाॅक में तैनात ग्राम पंचायत सचिव को कार्यालय में मसाज कराने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। ड्यूटी के दौरान कार्यालय में मसाज कराने का वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। वीडियो में सचिव कार्यालय में बैठा मसाज कराता दिख रहा है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
राजनीतिक खींचतान को लेकर चर्चा में रहने वाला विकास खंड सेमरियावां इस बार एक वीडियो वायरल होने के कारण चर्चा में आ गया है। ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत सचिव अब्दुल लतीफ से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह नाई से मसाज कराता दिख रहा है।
वीडियो में सांथा ब्लॉक क्षेत्र निवासी सचिव अब्दुल कुछ लोगों से बातचीत भी करता नजर आ रहा है। ड्यूटी के दौरान कार्यालय में मसाज कराने का वीडियो वायरल सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। वीडियो वायरल सामने आने के बाद ब्लॉक की व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेेकर लोग सवाल उठा रहे हैं।
डीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि ड्यूटी के दौरान सचिव द्वारा कार्यालय में मसाज कराने की जानकारी मिलने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।