मेंहदावल। क्षेत्र के विसौवा चौकी पर तैनात एक सिपाही का सादे वर्दी में एक युवक के साथ हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें युवक को हाथापाई कर बाइक पर बैठाने का प्रयास किया जा रहा है। पास में खड़ी एक महिला सिपाही युवक के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए वीडियो बना रही है। पूरा प्रकरण क्या है, इस मामले में अभी तक कोई शिकायत सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रक्रिया दे रहे हैं तथा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल भी खड़े कर रहे हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मेंहदावल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मामला अभी तक संज्ञान में नहीं आया है। अगर कोई शिकायत सामने आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद