वाहन पार्किंग के इंतजाम नहीं, लोग परेशान
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। दूर-दराज से शहर में आने वाले लोगों को पार्किंग स्थल न होने के कारण दुश्वरियां झेलनी पड़ रही है। स्थिति यह है कि लोगों को अपने वाहन खड़ा करने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। मजबूरन लोग सड़क के किनारे ही अपने वाहन खड़ा कर दे रहे हैं। इससे आए दिन जाम की समस्या पैदा हो रही है। इसके बाद भी नगर पालिका प्रशासन खामोश है।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है। लोग शहर में आते हैं तो उन्हें वाहन खड़ा करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। सोमवार को मार्केट लगने के कारण यह समस्या और गंभीर हो जाती है। कारण यह है कि बाजार में भीड़ बढ़ जाती है। इसको लेकर यातायात पुलिस भी सक्रिय रहती है। ऐसे में यदि कहीं सड़क के किनारे वाहन खड़ा मिलते हैं, यातायात पुलिस उन्हें टोचन कर उठा ले जाती है और लोगों को जुर्माना भरना पड़ता है। ऐसे में लोग खासे परेशान रहते हैं। दो पहिया वाहन चालक ओवर ब्रिज के नीचे अपने वाहन खड़ा करते थे, लेकिन वहां पर ठेला वालों ने कब्जा कर रखा है। ऐसे में वह भी परेेेशान है। सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने से शहर में जाम की समस्या पैदा हो रही है। जिसके कारण लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है। बच्चों की छुट्टी होने के समय तो जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। शहर के निवासी प्रदीप कुमार ने कहा कि पालिका प्रशासन को शहर में वाहन पार्किंग के लिए व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे वाहन खड़ा होने से आने-जाने में दिक्कत होती है। इसी प्रकार महेश कुमार ने कहा कि सड़क के किनारे वाहन खड़ा होने से समस्या बढ़ गई है। पैदल चल पाना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन को इस दिशा में ध्यान देने की जरूरत है, ताकि समस्या से निजात मिल सके।