- जिले में 241 माध्यमिक विद्यालयों को करना है एप का उपयोग
- जियो टैगिंग होते ही परीक्षा केंद्र की दूरी का चलेगा पता
पुनीत कुमार मिश्र
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड 2024 की परीक्षा के लिए ऑलाइन बोर्ड परीक्षा केंद्रोें का निर्धारण किया जाना है। इसके लिए नवीन एपीआई युक्त मोबाइल एप विकसित किया गया है। जिस पर स्कूलों का पूरा ब्यौरा दर्ज करना है। इस एप से प्रधानाचार्य विद्यालय की फोटो भेजेंगे तो फोटो भेजने के साथ ही विद्यालय की जियो लोकेशन अपलोड हो जाएगी। इससे परीक्षा केंद्रों की दूरी की समस्या का निस्तारण होगा।
जिले में 34 सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज, 15 राजकीय विद्यालय और 232 वित्त विहीन विद्यालय संचालित होते हैं। इन्हीं विद्यालयों मेें से बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन होता है। इसमें विद्यालय से संबंधित सूचनाओं को अपलोड करना होता है। इसके बाद भी कई विद्यालयों की सूचनाएं गलत अपलोड हो जाती हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों की जियो टैगिंग की जानी है।
वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण पारदर्शी तरीके से किए जाने का निर्णय माध्यमिक शिक्षा परिषद ने लिया है। परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए प्रदेश के समस्त विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड एवं अपडेट करने हेतु वेबसाइट क्रियाशील कर दी गई है। विद्यालयों के मध्य परस्पर दूरी के निर्धारण हेतु उनकी जिओ-लोकेशन लेने के लिए इस साल एपीआई युक्त एक नवीन मोबाइल एप विकसित किया गया है। जिसे प्रधानाचार्य अपने एंड्रॉयड फोन में परिषद की वेबसाइट के माध्यम से अपलोड कर सकते हैं।
इस नवीन एप के माध्यम से प्रधानाचार्य विद्यालय के परिसर से विद्यालय की फोटो क्लिक करेंगे। फोटो क्लिक करते ही विद्यालय की फोटो के साथ ही विद्यालय की जिओ-लोकेशन परिषद के सर्वर पर स्वतः अपलोड हो जाएगी। इसके अपलोड होने से परीक्षा केंद्र निर्धारण में दूरी निर्धारण संबधित कठिनाइयां समाप्त हो जाएगी। परीक्षार्थियों की समस्याओं का निदान होगा। जिसको लेकर डीआईओएस कार्यालय सभी प्रधानाचार्यों से नवीन एप को अपलोड करने को कहा है।
00000000000
छात्र के स्कूल से परीक्षा केंद्र की दूरी का चलेगा पता
जिस स्कूल में छात्र पढ़ रहा है और अगर उसे स्कूल से काफी दूर परीक्षा केंद्र पर भेजा जा रहा है तो नवीन एप से उसकी दूरी का पता चल जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र का निर्धारण स्कूल के छात्र के बगल के विद्यालय में ही हो जाएगा। इस एप से अब परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में समस्या नहीं आएगी।
0000000000000
प्रधानाचार्यों से नवीन एप को अपलोड करने के लिए कहा गया है। इस एप पर फोटो क्लिक करते ही विद्यालय की फोटो के साथ ही साथ विद्यालय की जिओ लोकेशन बोर्ड के सर्वर पर स्वतः अपलोड हो जाएगी। परीक्षा केंद्र निर्धारण में दूरी संबंधित कठिनाइयां समाप्त हो जाएगी।
- संदीप चौधरी, डीआईओएस
संवाद न्यूज एजेंसी