- आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी, मृतक आश्रित को नौकरी व एक करोड़ की सहायता दिए जाने की मांग
- मुजफ्फरनगर में उत्तरपुस्तिका पहुंचाने जा रहे थे धर्मेंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुजफ्फरनगर में वाराणसी के शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार की सिपाही ने गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके विरोध में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने प्रदर्शन किया। घटना से आक्रोशित शिक्षकों ने राजकीय बालिका इंटर काॅलेज व हीरालाल रामनिवास इंटर काॅलेज के मूल्यांकन के गेट पर एकत्रित होकर सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष महेश राम व जिला मंत्री गिरिजानंद यादव ने बताया कि मुजफ्फरनगर की घटना से शिक्षक समुदाय आक्रोशित है। सुबह सूचना मिली है कि उत्तरपुस्तिकाओं को पहुंचाने मुजफ्फरनगर गए वाराणसी के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की हत्या उसी ट्रक में सुरक्षा के लिए तैनात आरक्षी चंद्रप्रकाश ने कर दी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि माध्यमिक शिक्षक संघ मांग करता है कि शिक्षक धर्मेंद्र कुमार के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही आश्रित को सरकारी नौकरी व पारिवारिक पेंशन दिया जाए। शिक्षक के बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाए। हत्यारोपी आरक्षी को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराकर कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो।
इस दौरान संजय द्विवेदी, संत मोहन सिंह, यूनुस अख्तर खान, विंध्याचल सिंह, विजय यादव, विनोद उपाध्यक्ष, राम कुबेर मौर्य, विनय मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।