मुखलिसपुर तिराहा स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा अंडरपास
- परियोजना पर खर्च होंगे पांच करोड़ दस लाख, मिली स्वीकृति
- सांसद व विधायक की पहल लाई रंग, समस्या से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद के मुखलिसपुर तिराहा स्थित रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास बनाने की स्वीकृति मिल गई है। इस पर पांच करोड़ दस लाख खर्च होंगे। सांसद प्रवीण निषाद व सदर विधायक अंकुर राज तिवारी की पहल पर रेल मंत्रालय ने बजट जारी कर दिया है। जल्द ही इसका निर्माण शुुरू होने की उम्मीद है।
मुखलिसपुर तिराहे स्थित रेलवे क्रॉसिंग से होकर लोग पहले धनघटा की तरफ आते-जाते थे, लेकिन इस पर ओवरब्रिज बनने के बाद क्रॉसिंग को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया था। तभी से आसपास के व्यापारियों ने अंडरपास संघर्ष मोर्चा बनाकर आंदोलन शुरू कर दिया था। इस क्षेत्र के निवासी गोलू वर्मा आदि का कहना था कि आसपास के भवन और दुकान ओवरब्रिज के नीचे आने से उनका विकास ठप हो गया है। पिछले चुनावों में भी अंडरपास का मुद्दा छाया था।
इस मामले को लोगों ने सांसद प्रवीण निषाद और खलीलाबाद के विधायक अंकुर राज तिवारी के संज्ञान में लाया तो उन्होंने मई महीने दिल्ली में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात की थी, जिसमें उन्होंने मुखलिसपुर तिराहे पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने के संबंध में पत्र दिया था।
इसके बाद रेल मंत्रालय के निर्देश पर एडीआरएम संजय यादव ने टीम के साथ मौके पर निरीक्षण किया था और इसकी रिपोर्ट रेल मंत्रालय को सौंपी थी। जिसकी अब मंजूरी मिली है। इससे जहां आसपास के दुकानदारों को लाभ मिलेगा और उनका कारोबार एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा, वहीं अंडरपास बनने से लोगों को धनघटा आदि के लिए वाहन पकड़ने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि व्यापारियों और आमजन की मांग थी कि मुखलिसपुर तिराहे पर अंडरपास बनाया जाना बेहद जरूरी है। इससे व्यापारियों के साथ शहर में आने-जाने वाले लोगों को सहूलियत होगी। जनता की मांग पर सांसद के साथ मिलकर पहल की गई। रेल मंत्रालय ने अंडरपास बनाए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। अंडरपास बन जाने से व्यापारियों के साथ आसपास रहने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी।