संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली के घोरहट कुशहवा में रविवार की शाम को सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार इरशाद (18) को रौंद दिया। इरशाद की मौके पर ही मौत हो गई। साथ जा रहे बुजुर्ग वीरेंद्र मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को नाथनगर सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छितही के निवासी इश्तियाक अहमद का बेटा इरशाद रविवार शाम बाइक से कुशहवा बाजार गया हुआ था। चोकर खरीद कर वापस घर आने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान घोरहट के पास वीरेंद्र मिश्र उससे मिले। आगे पंप तक छोड़ देने की बात कहकर पिछली सीट पर बैठ गए। जैसे ही युवक इरशाद बाइक लेकर आगे बढ़ा। इसी दौरान सामने से अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को सामने से रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। इरशाद का सिर पहिये के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। एसओ महुली अनिल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।