धनघटा/रोसयाबाजार। क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर हैंसर पेट्रोलपंप के पास रविवार की भोर में वाहन की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल हो गईं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को घायल महिलाओं को सीएचसी हैंसर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने एक महिला मृत घोषित कर दिया। दूसरी महिला का प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
धनघटा थाना क्षेत्र के सोनाड़ी गांव निवासी मंजू देवी पत्नी शिवमूरत सुबह के समय हैंसर चौराहे पर एक व्यक्ति के घर पर काम करने जा रही थीं। उसी दौरान उनके गांव की कबूतरा देवी टहलने निकली थीं। उन्हें डॉक्टर ने टहलने के लिए कहा था। दोनों महिला एक साथ चल रही थीं। हैंसर पेट्रोल पंप के पास दोनों महिलाओं को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर साथ में टहल रहे लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आस पास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर धनघटा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों घायल महिलाओं को सीएचसी हैंसर पहुंचाया। मंजू देवी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी घायल महिला कबूतरा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर दिया है। दोनों महिलाओं के परिवार के सदस्य मजदूरी करते हैं। मंजू देवी के पति शिवमूरत और बेटा परशुराम मजदूरी करता है। महिला की मौत से परिजन गमगीन हैं। घायल कबूतरा देवी का बेटा मजदूरी का करता है। थानाध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने बताया महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।