कोरोना की जांच करता स्वास्थ्यकर्मी।
संतकबीरनगर। बुधवार को दो और महिलाएं कोरोना संक्रमित मिली हैं। हाल के दिनों में 50 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि, इनमें से 30 लोग घर में रही उपचार कराकर स्वस्थ हो चुके हैं। अब भी 20 केस एक्टिव हैं। इधर, लगातार मरीज बढ़ने के बाद भी लोग बिना मास्क के बाजार और अस्पताल में पहुंच रहे हैं।
खलीलाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी 21 वर्षीय महिला ने जिला अस्पताल पर कोराना जांच कराई। उसकी रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई। इसी तरह से धनघटा क्षेत्र की 30 वर्षीय महिला ने सीएचसी में जांच कराई थी। वह संक्रमित मिली है। इन सभी को सर्दी, जुकाम, खांसी आदि की शिकायत थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन सभी को दवाएं देकर घर पर भेज दिया है। इसके साथ ही इनके संपर्क में आने वाले परिजनों का भी सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम इन मरीजों की निगरानी कर रही है। कोरोना के लगातार मरीज मिलने पर सभी सीएचसी, जिला अस्पताल और रेलवे स्टेशन पर जांच हो रही है। रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाले यात्री अपनी जांच करा रहे हैं। इधर लगातार मरीज मिलने बाद भी लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। सड़कों पर बिना मास्क के लोग निकल रहे हैं। इसके साथ ही अस्पतालों में भी लोग बिना मास्क के पहुंच जा रहे हैं। जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली ने बताया कि बुधवार को दो महिलाएं कोरोना संक्रमित मिली हैं। उन्होंने बताया कि 510 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।