संतकबीरनगर जिले में शुक्रवार को धनघटा क्षेत्र के गोविंदगंज बाजार में जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। दोनों पक्षों से छह महिलाएं समेत 12 लोग घायल हो गए। एक पक्ष के चार घायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली से जिला अस्पताल रेफर हुए। तनाव को देखते हुए मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई है।
गागरगाड़ गांव के घुरहा टोला निवासी राममिलन निषाद का कहना है कि उन्होंने गोविंदगंज बाजार में जमीन खरीदी है। चार दिन पहले कुछ लोगों ने जमीन कब्जा कर लिया था। जमीन को खाली करने की बात कही तो मारपीट पर आमादा हो गए। मारपीट में राममिलन घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के गोविंदगंज निवासी राम आशीष निषाद का आरोप है कि अपनी बैनामाशुदा जमीन पर दीवार बनवा रहे थे। विपक्षी राममिलन निषाद सहयोगियों के साथ मिलकर ढहा रहे थे। दीवार गिराने से मना किया तो वह समर्थकों के साथ लाठी, डंडे, ईंट, पत्थर से हमला कर दिए।
हमले में राम अशीष, बृजेश, वंदना, विद्या देवी, चौथी, अंजना, पुष्पा, अनीता, गोलका देवी, साधु, रवि और विशाल घायल हो गए। आरोप है कि जान बचाने के लिए जब ये लोग बगल स्थित संदीप के घर गए तो हमलावर वहां भी धावा बोल दिए। वहां कोई मिला तो नहीं, लेकिन संदीप की दो बाइक, टीवी, दरवाजा, कुर्सी मेज आदि तोड़ दिया। उसके बाद उग्र हुए राममिलन के समर्थक गोविंदगंज बाजार में लाठी डंडे लेकर के विपक्षियों की तलाश करते रहे।
आरोप है कि इस दौरान बम भी फेंका गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम डॉ. रविंद्र कुमार, सीओ रामप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली भिजवाया। जहां राम अशीष, बृजेश, विद्या देवी और अंजना को गंभीर चोट आने से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से बलवा, मारपीट और तोड़फोड़ समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मौके पर पीएससी के जवान तैनात किए गए हैं।