महिला की मौत के मामले में आरोपी दो सगे भाई गिरफ्तार
उलाहना देने गई महिला को तीन भाइयों ने पीट कर किया था बेहोश
संतकबीरनगर। महुली क्षेत्र के गिठनी निवासी महिला की पिटाई से हुई मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को गिठनी नहर पुलिया के पास से आरोप दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का भंडा बरामद किया। एक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि महुली क्षेत्र के गिठनी गांव निवासी ज्ञानदास की साली बबिता की शादी कोतवाली क्षेत्र के बसलोहिया निवासी अमरनाथ के साथ तय थी। साली के मंगेतर की शराब पीने की शिकायत थी। बृहस्पतिवार को वह साले विशाल के साथ अमरनाथ को समझाने गए। अमरनाथ को फोन कर श्रीनगर स्थित मुर्गी फार्म पर बुलवाया। आरोप है कि बातचीत के दौरान अमरनाथ ने भाई सुरेंद्र और अमरजीत के साथ मिलकर उन्हें मारपीट दिया। घर आकर मां को घटना की जानकारी दी। मां भी उलाहना देने पहुंच गई।
आरोप है कि अमरनाथ ने भाइयों के साथ 45 वर्षीय मां इंद्रमती को लाठी डंडे से मारपीट कर बेहोश कर दिया था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पूर्व में ही अमरनाथ, सुरेंद्र और अमरजीत पर मारपीट कर बेहोश करने का मुकदमा दर्ज किया था। बाद में महिला की मौत होने पर गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ा दिया था।
एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि एसआई उदयभान मिश्रा ने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ घटना के आरोपी सुरेंद्र चौहान और अमरजीत को गिठनी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।