संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। क्षेत्र के एक गांव में युवक और युवती के बीच बातचीत करने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट में दोनों पक्षों से छह लोगों को चोटें आईं। इसी दौरान कुछ लोगों ने एक बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना पर डायल 112 नंबर की पुलिस टीम पहुंच गई और मामले को शांत कराया। प्रकरण थाने पहुंचा, जहां देर शाम सुलह-समझौते का दौर चलता रहा।
क्षेत्र के एक गांव का युवक गांव के ही दूसरे मुहल्ले की युवती से सुनसान जगह पर बातचीत कर रहा था। युवती के मुहल्ले की एक महिला ने बातचीत करते देख लिया। यह बात युवक को नागवार गुजरी और वह शिकायत लेकर महिला के पति के पास चला गया। महिला के पति से उसकी बहस हो गई। युवक के चले जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और लोग विवाद करने को उतारू हो गए। पहले महिलाओं में वाद-विवाद होने लगा और ईंट ढेले चलने लगे।
पुरुषों के आने के बाद मामला और गंभीर हो गया और उनमें मारपीट होने लगी। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर दी।
इस मारपीट में छह लोगों को चोटें आईं। किसी ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर थाने ले गई। देर शाम तक दोनों पक्ष और कुछ लोग पुलिस के साथ समझौते में लगे रहे। इस संबंध में एसओ राकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष थाने पर आए हुए हैं। काफी देर से बातचीत कर रहे हैं। किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।