- सूचना पर पहुंची पुलिस तीन लोगों को पकड़ कर थाने लाई
-दोनों पक्ष एक दूसरे पर मढ़ते रहे आरोप प्रत्यारोप
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के रजिस्ट्री कार्यालय में सोमवार को जमीन का बैनामा करने आए दो पक्ष आपस में भिड़ गए। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस वहां पर पहुंच गई। पुलिस दोनों पक्षों को पकड़ कर कोतवाली लाई, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्याराेप लगाते रहे।
एक पक्ष का कहना है कि शहर के डीघा में पैतृक जमीन है, जिसमे दो हिस्सेदार हैं। जिसमें एक पक्ष अपने हिस्से की ज्यादा जमीन बेच चुके हैं और अब उनके हिस्से की जमीन को बेचना चाहते हैं। जिसका वह विरोध कर रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके हिस्से की शेष जमीन को वह बैनामा करने आए थे। उनको विपक्षी की जमीन से कोई लेना-देना नहीं है।
सोमवार को रजिस्ट्री कार्यालय पर दूसरा पक्ष जब जमीन का बैनामा करने पहुंचा तो पहले से ही प्रथम पक्ष वहां पर पहुंचकर विवाद और हाथापाई करना शुरू कर दिया। जिसके बाद रजिस्ट्री कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कोतवाली के बगल में विवाद के बाद सूचना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन लोगों को पकड़कर कोतवाली लेकर आई। फिलहाल रजिस्ट्री के सारे कागजात तैयार कर लिए गए थे और तत्काल बैनामा नहीं हो सका।
एसएसआई राजेश कुमार दूबे ने बताया कि दोनों पक्ष रजिस्ट्री कार्यालय पर विवाद कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें कोतवाली लाया गया है। आपस में दोनों पक्ष बातचीत कर रहे हैं।