-कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के केरमुआ गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के केरमुआ गांव में बुधवार की शाम सप्तमी के जुलूस के दौरान दो पक्ष आमने-सामने हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो झंडे के विवाद को लेकर ईट पत्थर चले और मारपीट की घटना हुई। सूचना के बाद एसडीएम शैलेश कुमार दूबे, सीओ सिटी अजीत चौहान, कोतवाल सतीश कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराते हुए विवाद का पटाक्षेप कराया। एहतियातन गांव में पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के अनुसार केरमुआ गांव में एक पक्ष के लोगों ने सप्तमी का जुलूस निकाला था। रास्ते में पूर्व से ही दूसरे पक्ष का झंडा लगा हुआ था। एक पक्ष का आरोप था कि दूसरे पक्ष ने झंडे को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं मामले को लेकर दोनों पक्ष उग्र होकर आमने-सामने हो गए। सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि विवाद की सूचना के बाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया गया। गांव में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। किसी को भी अराजकता फैलाने की छूट नहीं दी जाएगी। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगा।