संतकबीरनगर। शहर के एचआर इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार की रात आयोजित डांडिया कार्यक्रम में फरमाइशी गाने और महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कॉलेज गेट पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई और जमकर हंगामा हुआ। करीब 20 मिनट तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश तो लोग पुलिस कर्मी से भी उलझ गए। बाद में एएसपी, चार सीओ और कई थानों के एसओ बुलाए गए। घटना से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। गोला बाजार चौकी इंचार्ज ने ग्राम प्रधान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष समेत आठ नामजद और 10-15 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट आदि धाराओं में केस दर्ज कराया।
गोला बाजार चौकी इंचार्ज अनुज यादव ने बताया कि शहर के मोनू वर्मा की ओर से एचआर इंटर कॉलेज परिसर में डांडिया का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शाम सात बजे कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम में काफी संख्या में महिलाएं, पुरूष, बच्चे भाग ले रहे थे। कार्यक्रम में भीड़ जुटी थी। आरोप है कि घाटमपुर उर्फ घटरम्हा गांव के प्रधान के प्रतिनिधि केसी पांडेय, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष एवं तेनुहारी के प्रधान धीरज पांडेय, नीरज पांडेय, एकमा के आलोक राय, तितौवा के सचिन यादव, आशीष राय, महुली क्षेत्र के भगवानपुर निवासी हृदय राय, घाटमपुर के नितिन पांडेय अपने 10-15 साथियों के साथ कार्यक्रम में पहुंच गए। आरोप है कि मनपसंद गाना बजाने को लेकर बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए वे लोग मंच पर चढ़ गए। आरोप है कि महिलाओं से अभद्र व्यवहार व अश्लील हरकत करते हुए कार्यक्रम को बंद कराने की लगे।
उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो पुलिस के साथ हाथापाई करने लगे। इसकी सूचना फोन से उच्चाधिकारियों को दी गई। फोर्स के आने पर भी वे लोग कॉलेज गेट के बाहर सड़क पर हंगामा करने लगे। इससे अफरातफरी और भगदड़ मच गई। लोग अपनी- अपनी दुकान केशटर गिरा लिए। पूरे बाजार में दहशत का माहौल कायम हो गया। बाद में एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ सदर दीपांशी राठौर, सीओ मेंहदावल अंबरीष भदौरिया, सीओ धनघटा ब्रजेश सिंह, एसडीएम सदर शैलेश दूबे, सीओ यातायात समेत काफी संख्या में पुलिस कर्मी पहुंच गए और भीड़ को तितर-बितर कर माहौल को शांत कराया। कोतवाल रविंद्र सिंह ने बताया कि केसी पांडेय, धीरज पांडेय, नीरज पांडेय, आलोक राय, सचिन यादव, आशीष राय, हृदय राय, नितिन पांडेय और 10-15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।