संतकबीरनगर। स्पोर्ट्स स्टेडियम खलीलाबाद के दो खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर होने वाली हैंडबाल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। बस्ती मंडल से कुल 15 खिलाड़ी खेलने गए हैं। यह प्रतियोगिता छह नवंबर से मुरादाबाद जिले में आयोजित है। खिलाड़ियों के चयन पर कोच समेत अन्य लोगों ने खुशी जताई है।
उप क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर राज्य स्तरीय पुरुष वर्ग हैंडबाल प्रतियोगिता मुरादाबाद में छह नवंबर से नौ नवंबर तक आयोजित है। इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए जिला स्तर से मंडल स्तर तक खिलाड़ियाें का ट्रायल हुआ था। मंडल स्तर पर हुए ट्रायल में जिले के दो खिलाड़ी आलोक यादव और आनंद गौड़ का चयन राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। बस्ती मंडल से कुल 15 खिलाड़ी चयनित हैं। उनमें विकास उपाध्याय, राशिद अहमद, अंकित निषाद, अनूप, सुरजीत शर्मा, अरविंद, भरत कुमार, रिंशू यादव, गणेश चौरसिया, अनुज कुमार, आलोक यादव, वैभव, कृष्णा गौड़, अमन चौधरी शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी टीम मैनेजर विमलेश ध्रुव के नेतृत्व में मुरादाबाद पहुंच गए हैं। उम्मीद है कि ये खिलाड़ी जिले और मंडल का नाम रोशन करेंगे और सर्वाधिक मेडल लेकर लौटेंगे। इन खिलाड़ियों के चयन होने पर वीके विश्वास, रमेश प्रसाद, शैलेंद्र, ध्रुव कुमार, सुमन आदि ने बधाई दी है।