चोरी का तार खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली पुलिस ने बघौली स्थित टॉवर से तांबे का तार चोरी करने वाले दो चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तीन किलो तांबे का तार बरामद किया है। पुलिस ने दाेनों को न्यायालय भेज दिया है। कोतवाल ब्रजेंद्र पटेल ने बताया कि 26 नवंबर को बघौली में मोबाइल टॉवर से तांबे के तार वाला केबल चोरी हो गया था। इस मामले में केस दर्ज हुआ था। तभी से चोरों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को बखिरा कस्बे के एक दुकान से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान मनोज निवासी बघौली और बृजेश कुमार निवासी बखिरा शनिचरा बाजार को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से चोरी के 3.342 किलोग्राम तांबे का तार बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए मनोज ने बताया कि 26 नवंबर को दोपहर में बघौली स्थित मोबाइल टाॅवर से तांबे के तार वाला केबल चोरी से काटकर ले जा रहा था कि उसी समय टाॅवर के कर्मचारी आ गए तथा उसे दौड़ाए, लेकिन वह केबल लेकर भागने में सफल रहा। पकड़े जाने तथा बरामदगी के डर से उसने उसी दिन केबल को जला दिया उसके बाद उसे बखिरा में बर्तन के दुकानदार को ले जाकर बेच दिया। जिससे 1550 रुपये मिले। मनोज की निशानदेही पर बखिरा स्थित बर्तन की दुकान से बृजेश कुमार को 3.342 किलोग्राम तांबे के तार के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।