- नलकूप के लिए 38.28 लाख रुपये की मिली स्वीकृति
- 1400 पुलिस कर्मियों के परिवार को स्वच्छ पानी की मिलेगी सुविधा
एक करोड़ रुपये आउट डोर शूटिंग रेंज पर खर्च होने का अनुमान
- शूटिंग रेंज के लिए कांटे के पास मिली जमीन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन में 38.28 लाख रुपये से नलकूप तो लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से आउट डोर शूटिंग रेंज का निर्माण होगा। नलकूप के लिए धन की स्वीकृति मिल गई है। शूटिंग रेंज के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन मिलने और धन स्वीकृत होने के बाद जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। वहीं पुलिस लाइंस परिसर में रहने वाले लगभग 1400 पुलिस कर्मियों के परिवार को नलकूप लगने की वजह से स्वच्छ पानी की सुविधा मिलेगी
पुलिस कर्मियों के परिवार को पहले से ही एक पंप से पानी की सप्लाई दी जा रही है। इससे सभी को समय से पानी नहीं मिल पाता है और अपने निर्धारित समय पर ड्यूटी के लिए पहुंचने में पुलिस कर्मियों को तैयार होने में काफी समय लग जाता है। पुलिस कर्मियों की समस्या को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों ने शासन से पत्राचार किया। अब जाकर शासन ने पुलिस लाइंस के लिए 38.28 लाख रुपये से नलकूप लगाए जाने की स्वीकृति दे दी है। वहीं पुलिस कर्मियों को पहले शूटिंग के लिए बस्ती और गोरखपुर जनपद का चक्कर लगाना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए एसपी ने अपने स्तर से इन डोर शूटिंग की व्यवस्था पुलिस लाइंस में की।
इसके अलावा डीएम ने पुलिस कर्मियों की समस्या को देखते हुए एक करोड़ रुपये की लागत से आउट डोर शूटिंग रेंज की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके लिए प्रशासन की तरफ से जमीन की तलाश शुरू हो गई है। नलकूप व आउट डोर शूटिंग रेंज की स्थापना के बाद पुलिस कर्मियों व उनके परिवार को सहूलियत मिलेगी। एसपी सत्यजीत गुप्त ने बताया कि पुलिस लाइंस में नलकूप का निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा।
आउट डोर शूटिंग रेंज के लिए जमीन की तलाश की जा रही है, कांटे के पास जमीन देखी गई है। इस पर कुल लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। इसके बनने से पुलिस कर्मियों को सुविधा मिलेगी।
- महेंद्र सिंह तंवर, डीएम