संतकबीरनगर। शनिवार की शाम पांच बजे के करीब मौसम बदला और आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इस बीच खलीलाबाद-बखिरा मुख्यमार्ग पर स्थित बघुआ गांव की सड़क के किनारे महुआ का पेड़ गिर गया। इससे सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई और वाहनों में बैठे लोग परेशान हो गए। यात्री चंदन तिवारी, बाल गोविंद यादव, सत्येंद्र सिंह, छिनकू ने बताया कि बघुआ गांव के निकट दुर्गा मंदिर से कुछ ही आगे अचानक महुआ का एक पुराना पेड़ ख़लीलाबाद-बखिरा मुख्यमार्ग पर गिर गया। जिससे मार्ग बंद हो गया। इन लोगों ने बताया कि ख़लीलाबाद से बखिरा जा रहे थे, लेकिन पेड़ गिरने के कारण जाम में फंस गए। करीब एक घंटा तक जाम में फंसे रहे। वन विभाग को सूचना देने के बाद भी कोई नहीं आया। इस बीच ग्रामीणों ने प्रयास कर पेड़ की डालियां काटीं और सड़क से हटाया। इसके बाद रास्ता खुला, तब जाकर आगे बढ़ सके।
बारिश से मौसम हुआ सुहाना
शनिवार की शाम हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। दिनभर उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को इससे राहत मिली है। हालांकि बारिश काफी कम हुई, लेकिन तेज हवा चलती रही। खलीलाबाद के निवासी राकेश कुमार, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि दिनभर उमस भरी गर्मी रही, लेकिन शाम को आंधी-पानी आने से उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है।